जांजगीर-चांपा : प्रधानमंत्री आवास योजना से भूपेंद्र का पक्के घर का सपना हुआ साकार, मिली सुरक्षित छत
जांजगीर-चांपा, 09 अक्टूबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों के जीवन में खुशियों और सुरक्षा की नई उम्मीद लेकर आ रही है। जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम सलखन निवासी भूपेंद्र कुमार भारद्वाज का भी पक्के मकान का सपना अब पूरा हो गया है। वर्षों तक मिट्टी और छप्पर से बने कच्चे मकान में रहने के बाद अब उनका परिवार पक्के घर में सुरक्षित जीवन बिता सकेगा। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम सेमरा में शुक्रवार काे आयोजित सेवा सेतु शिविर में उन्हें नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपी गई।
भूपेंद्र कुमार भारद्वाज का परिवार लंबे समय से कच्चे मकान में रह रहा था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके लिए पक्का मकान बनाना आसान नहीं था। बारिश के दिनों में घर की स्थिति के कारण परिवार को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। साथ ही, कच्चे मकान में रहने के दौरान परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती थी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्का मकान मिलने से अब परिवार की इन परेशानियों से राहत मिली है। नवनिर्मित आवास उनके लिए केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि सुरक्षित जीवन, सम्मान और बेहतर भविष्य की नई शुरुआत है। अब परिवार को मौसम की मार और कच्चे मकान से जुड़ी समस्याओं की चिंता से राहत मिलेगी।
जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत जरूरतमंद हितग्राहियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम सेमरा में आयोजित सेवा सेतु शिविर के दौरान भूपेंद्र कुमार भारद्वाज को उनके नए घर की चाबी सौंपी गई। इस अवसर ने उनके परिवार के लिए वर्षों से संजोए गए सपने को हकीकत में बदल दिया।
पक्का आवास मिलने पर भूपेंद्र कुमार भारद्वाज ने खुशी जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके परिवार के लिए यह उपलब्धि खुशियों के साथ-साथ सुरक्षित और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद लेकर आई है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

