कुरूद में शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय के नवीन भवन का भूमिपूजन

WhatsApp Channel Join Now
कुरूद में शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय के नवीन भवन का भूमिपूजन


शिक्षा और स्वास्थ्य को मिली नई दिशा, कुरूद बनेगा बहुआयामी शैक्षणिक केंद्र

धमतरी, 05 फ़रवरी (हि.स.)। धमतरी जिला के विकासखंड मुख्यालय कुरूद में गुरुवार काे शासकीय विधि महाविद्यालय के समीप शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय के नवीन भवन का भूमिपूजन हुआ। इस अवसर पर नवीन स्टाफ क्वार्टर का भी भूमिपूजन किया गया।

भूमिपूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक महस्के ने की। विशिष्ट अतिथियों में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी यू.एल. कौशिक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रिया कंवर सहित जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य अमला और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग धमतरी द्वारा किया गया।

शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय का नवीन भवन लगभग 8.68 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा। भवन में अत्याधुनिक कक्षाएं, स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक नर्सिंग लैब, सिमुलेशन लैब, पुस्तकालय, छात्रावास, प्रशासनिक कक्ष, ऑडिटोरियम, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और हरित परिसर जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा के साथ-साथ बेहतर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिलेगा।

मुख्य अतिथि विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि कुरूद का प्रत्येक युवा हुनरमंद बने, यही हमारा लक्ष्य है। नर्सिंग, तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से ऐसा वातावरण तैयार किया जा रहा है, जहां रोजगार के लिए पलायन नहीं, बल्कि कुरूद से ही प्रगति और सेवा के अवसर सृजित हों। नर्सिंग महाविद्यालय से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी, बल्कि युवाओं को सम्मानजनक रोजगार और सेवा का सशक्त मंच भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि कुरूद के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अब विद्यार्थियों को नर्सिंग की पढ़ाई के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। आने वाले समय में लाइवलिहुड कॉलेज, बीए, एलएलबी, पॉलिटेक्निक जैसे शैक्षणिक संस्थान भी प्रारंभ होंगे। साथ ही डांडेसरा, बड़ी करेली और कचना में औद्योगिक पार्क के निर्माण से रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

कुरूद को बहुआयामी शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। कृषि महाविद्यालय आधुनिक कृषि तकनीकों से किसानों को सशक्त बना रहा है, वहीं विधि महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक और अब नर्सिंग महाविद्यालय युवाओं को रोजगारोन्मुख और व्यावसायिक शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।

इस अवसर पर मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष दीपक महस्के ने कहा कि समय के साथ कुरूद में सकारात्मक बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। यहां विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story