नीट परीक्षा प्रणाली में सुधार सहित सात सूत्रीय मांगों पर ज्ञापन सौंपा, भीम आर्मी ने निकाली रैली
धमतरी, 25 जुलाई (हि.स.)। नीट परीक्षा प्रणाली में सुधार, जंतर-मंतर छात्र प्रदर्शन मामले की न्यायिक जांच को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने शनिवार को शहर में रैली निकाली। आंबेडकर चौक से कलेक्ट्रेट तक रैली से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर आगे बढ़ने से रोका। इसके बाद संगठन ने राष्ट्रपति के नाम सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन नायब तहसीलदार दुर्गेश तंवर को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
शनिवार को भीम आर्मी भारत एकता मिशन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शहर के आंबेडकर चौक स्थित बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष मिलाप साहू ने बताया कि, 20 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर में नीट परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि, दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई हो और भविष्य में छात्रों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में नीट सहित सभी राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी सुधार लागू करने की मांग की। इसके अलावा केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पद से हटाने एवं केंद्रीय गृह मंत्री से इस्तीफा देने की भी मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

