भेण्ड्री में गौधाम, कुक्कुट पालन और एमयूसी को मिलेगी नई रफ्तार
युवाओं के कौशल, पशुपालन और सामुदायिक सुविधाओं पर फोकस
धमतरी, 16 अप्रैल (हि.स.)। मगरलोड विकासखंड का ग्राम भेण्ड्री गुरुवार को प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा, जब कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने गांव का दौरा कर एमयूसी, कुक्कुट पालन इकाई और गौधाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने ब्राईट फ्यूचर एकेडमी के प्रशिक्षक निलेश कुमार साहू से मुलाकात कर प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने युवाओं को कौशल विकास से जोड़कर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई।
गौधाम के निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिस पर कलेक्टर ने सराहना करते हुए इसके विस्तार के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौधाम के प्रभावी संचालन के लिए पशुपालन विभाग, पशु मित्रों और स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। साथ ही आसपास के गांवों में भी इस मॉडल को अपनाने पर जोर दिया, ताकि पशुपालन आधारित आजीविका को मजबूती मिल सके।
ग्राम के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने यहां लाईब्रेरी और ओपन जिम स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं में शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। निरीक्षण के दौरान नशा मुक्त केन्द्र का भी अवलोकन किया गया, जिसे कलेक्टर ने समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। उन्होंने इस तरह की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। दौरे के दौरान कलेक्टर ने गौधाम में गायों को रोटी खिलाकर पशु संरक्षण और संवेदनशीलता का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों से पशुधन की देखभाल को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए इसे आय के स्थायी स्रोत के रूप में विकसित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

