धान खरीदी से पहले भारतीय किसान संघ ने सौंपा 12 सूत्री मांगों का ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
धान खरीदी से पहले भारतीय किसान संघ ने सौंपा 12 सूत्री मांगों का ज्ञापन


धमतरी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। धान खरीद से पहले भारतीय किसान संघ ने गुरुवार काे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम 12 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। इसमें वर्ष 2022-23 की लंबित 1700 करोड़ रुपये की राशि तत्काल देने, धान 3358 रुपये प्रति क्विंटल में खरीदने और खरीदी व्यवस्था में किसानों को राहत देने की मांग की गई है।

भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष लाला राम चंद्राकर, गौतम राम साहू, ठाकुर राम साहू और उत्तम कुमार साहू ने बताया कि खेती की लागत बढ़ रही है। केंद्र सरकार ने तीन वर्षों में धान के समर्थन मूल्य में 258 रुपये की वृद्धि की है, लेकिन राज्य में खरीद मूल्य नहीं बढ़ा। इसलिए किसानों को इसका लाभ देने धान 3358 रुपये प्रति क्विंटल में खरीदने और सब्जी-फल उत्पादकों को कृषक उन्नति योजना में शामिल करने की मांग की गई है। संघ ने प्रति तौल अधिकतम 40 किलो 700 ग्राम धान लेने का आदेश जारी करने की मांग की।

उन्होंने बताया कि 13 अक्टूबर 2025 को कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव इसकी घोषणा कर चुके हैं, लेकिन आदेश अब तक जारी नहीं हुआ। टोकन व्यवस्था में बड़े किसानों को पांच, लघु को तीन और सीमांत किसानों को दो टोकन देने एवं खरीद केंद्रों पर खाता समर्पण की प्रक्रिया बंद करने की मांग भी की गई। बाढ़ से फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कर क्षतिपूर्ति देने, गन्ने का मूल्य 150 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाने, अधूरी सिंचाई परियोजनाएं पूरी करने और पैरी हाईडैम जैसी नई परियोजनाओं को मंजूरी देने की मांग की गई। भारतीय किसान संघ ने धान खरीद की अवधि 15 नवंबर से 15 फरवरी तक निर्धारित करने की मांग की है। संघ के अनुसार इससे किसानों को उपज बेचने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा और खरीदी व्यवस्था व्यवस्थित रहेगी।

किसान संघ की अन्य प्रमुख मांगें

गो वंदन योजना लागू कर जी-राम-जी योजना को गो संरक्षण व संवर्धन से जोड़ा जाए। विद्युत विभाग के निजीकरण पर रोक लगे। अधिक कीमत पर खाद बेचने वालों पर कार्रवाई हो। भूमि अधिग्रहण उदयपुर डिक्लेरेशन के अनुसार हो तथा रबी में मक्का-गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाए। इस दौरान गोपाल सिंह, हीरा लाल साहू, तोमन सिंह साहू, प्रदीप चंद्राकर, जय नारायण, गजाधर सहित अन्य किसान उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story