महिला कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार, बीईओ कार्यालय का बाबू निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
महिला कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार, बीईओ कार्यालय का बाबू निलंबित


धमतरी, 24 अगस्त (हि.स.)। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय धमतरी में पदस्थ सहायक ग्रेड-तीन लाखेश्वर राव जाधव को महिला कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार और कार्यालय का माहौल खराब करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ कार्यालय में कार्यरत चार महिला कर्मचारियों ने शासन-प्रशासन से शिकायत की थी। इसके अलावा बीआरसीसी कार्यालय में पदस्थ डाटा एंट्री ऑपरेटर विजय कुमार यादव से भी दुर्व्यवहार और गाली-गलौज करने की शिकायत सामने आई है।

लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने जारी निलंबन आदेश में बताया कि लाखेश्वर राव जाधव के खिलाफ चार महिला कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार की शिकायत की थी। उनके कृत्य से कार्यालय का वातावरण प्रभावित होने की बात सामने आई। इस मामले में उन्हें 17 अगस्त 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनके द्वारा प्रस्तुत प्रतिवाद संतोषप्रद और समाधानकारक नहीं पाया गया। इसी बीच 19 अगस्त को विकासखंड स्रोत समन्वयक शाखा में पदस्थ डाटा एंट्री ऑपरेटर विजय कुमार यादव से अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने का आरोप भी सामने आया। इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई।

यादव का आरोप है कि लाखेश्वर जाधव कार्यालय पहुंचे और अन्य कर्मचारियों के सामने उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की। इस दौरान उन्होंने विधायक और सांसद से रोज उठना-बैठना होने की बात कहते हुए प्रभाव का हवाला दिया और धमकी देने का भी आरोप है। यादव ने उनके द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार का ऑडियो रिकॉर्ड कर अधिकारियों को सुनाया।

निलंबन आदेश में लाखेश्वर राव जाधव के कृत्य को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-तीन के उल्लंघन का उल्लेख किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए निलंबन अवधि में मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मगरलोड निर्धारित किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story