दरभा के डिलमिली सेवा सेतु शिविर में हितग्राहियों को मिली सौगातें
जगदलपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज रविवार काे जनपद पंचायत दरभा अंतर्गत डिलमिली में ‘सेवा सेतु शिविर’ का आयोजन संपन्न हुआ। इस मौके पर बस्तर राज परिवार के सदस्य कमल चंद्र भंजदेव और क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से ग्रामीणों को सीधे लाभान्वित करते हुए कई महत्वपूर्ण सौगातें प्रदान की गईं।
इस अवसर पर जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश पत्र एवं नवनिर्मित आवासों की चाबियां सौंपी गईं, वहीं दूसरी ओर स्वरोजगार व आर्थिक संबल के लिए बैंक लोन के चेक वितरित किए गए। स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र के साथ अध्ययन सामग्री के रूप में पेन और कॉपियां बांटी गईं, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे। इसके साथ ही शिविर स्थल पर ही श्रम कार्ड, पहचान पत्र (आधार) तथा राशन कार्ड से जुड़े आवश्यक पंजीकरण एवं सुधार कार्य तेजी से निपटाए गए, जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां उपलब्ध कराईं।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले मैदानी कर्मचारियों को उनके समर्पण के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। शिविर के दौरान कमल चंद्र भंजदेव हाल ही में बाढ़ से प्रभावित हुए परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों की समस्याएं बेहद आत्मीयता से सुनीं, उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और जरूरी राहत सामग्री वितरित कर ढांढस बंधाया। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस सफल आयोजन के लिए शासन-प्रशासन के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

