रक्षाबंधन से पहले धमतरी बस स्टैंड पर बढ़ी यात्रियों की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
रक्षाबंधन से पहले धमतरी बस स्टैंड पर बढ़ी यात्रियों की भीड़


सभी प्रमुख रूटों की बसें रहीं खचाखच, महिला यात्रियों की संख्या रही सबसे अधिक

धमतरी, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर्व से एक दिन पहले गुरुवार को धमतरी के नए बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के पर्व को मनाने के लिए बहनें अपने भाइयों तक पहुंचने के लिए घरों से निकल पड़ीं। इसके चलते सुबह से ही बस स्टैंड पर चहल-पहल बढ़ गई और विभिन्न रूटों पर चलने वाली बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों के बीच मारामारी की स्थिति नजर आई। महिला यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रही। कई बसें यात्रियों से खचाखच भरकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं।

धमतरी के नए बस स्टैंड से रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बालोद, राजनांदगांव, नगरी, सिहावा, जगदलपुर, संपूर्ण बस्तर, भानुप्रतापपुर और अंतागढ़ सहित विभिन्न मार्गों पर नियमित बसों का संचालन होता है। रक्षाबंधन के चलते इन सभी प्रमुख रूटों पर सामान्य दिनों की तुलना में यात्रियों की संख्या में खासा इजाफा देखने को मिला। पहले से बुकिंग कराने वाले यात्रियों के साथ बड़ी संख्या में तत्काल यात्रा करने वाले लोग भी बस स्टैंड पहुंचे। सुबह से देर शाम तक बस स्टैंड में यात्रियों की आवाजाही बनी रही। कोई बच्चों के साथ सफर करता नजर आया तो कोई हाथों में राखी और मिठाई के डिब्बे लिए भाइयों के घर जाने के लिए बस का इंतजार करता दिखा। कई बहनें मायके पहुंचने की जल्दी में सामान लेकर बसों की कतार में खड़ी नजर आईं।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बस संचालकों ने निर्धारित समय पर बसों का संचालन जारी रखा, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा हो सके। धमतरी के नए बस स्टैंड से प्रतिदिन करीब 250 से 300 बसों का आवागमन होता है। रक्षाबंधन से पहले यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने से बस स्टैंड पूरे दिन गुलजार रहा। पर्व की खुशी और अपनों से मिलने की उत्सुकता यात्रियों के चेहरों पर साफ नजर आई। यात्रियों का कहना था कि रक्षाबंधन परिवार के सदस्यों को एक साथ लाने वाला पर्व है। यही वजह है कि दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी तमाम व्यस्तताओं के बीच त्योहार पर अपने घर और भाइयों तक पहुंचने की कोशिश करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story