स्वतंत्रता दिवस से पहले फुल ड्रेस रिहर्सल, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ अभ्यास

WhatsApp Channel Join Now
स्वतंत्रता दिवस से पहले फुल ड्रेस रिहर्सल, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ अभ्यास


स्वतंत्रता दिवस से पहले फुल ड्रेस रिहर्सल, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ अभ्यास


स्वतंत्रता दिवस से पहले फुल ड्रेस रिहर्सल, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ अभ्यास


15 अगस्त को कुरूद विधायक अजय चंद्राकर करेंगे ध्वजारोहण, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी होंगे सम्मानित

धमतरी, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए गुरुवार को डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एकलव्य खेल परिसर में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय की मौजूदगी में आयोजित रिहर्सल में अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई।

पुलिस, नगर सैनिक, स्काउट-गाइड और एनसीसी की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्चपास्ट करते हुए परेड की सलामी दी। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण भी किया। रिहर्सल के दौरान 15 अगस्त को होने वाले समारोह की पूरी रूपरेखा को वास्तविक आयोजन की तरह प्रस्तुत किया गया। स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति और छत्तीसगढ़ की संस्कृति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी अभ्यास किया गया। समारोह में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कार एवं पदक प्रदान किए जाएंगे। वहीं स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या और 15 अगस्त की रात शासकीय, सार्वजनिक भवनों तथा राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को रोशनी से सजाया जाएगा। रिहर्सल सुबह 9 बजे शुरू हुई, जिसमें एसडीएम पीयूष तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जिला मुख्यालय में 15 अगस्त को आयोजित मुख्य समारोह में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 8.55 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा और 8.56 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। सुबह 9.02 बजे परेड की सलामी एवं गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद 9.20 बजे मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन, 9.44 बजे गुब्बारा एवं हर्ष फायर, 9.45 बजे परेड कमांडरों का परिचय और 9.56 बजे स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीद परिजनों का सम्मान किया जाएगा। सुबह 10 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जबकि 10.30 बजे उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story