सूरजपुर : बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता शिविर, साइबर सुरक्षा और महिला अधिकारों की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर : बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता शिविर, साइबर सुरक्षा और महिला अधिकारों की दी जानकारी


सूरजपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरवरगंज में जागरूकता शिविर आयोजित किया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर किया गया। शिविर में आज बुधवार काे छात्र-छात्राओं और आमजन को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

शिविर में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

वित्तीय साक्षरता एवं समन्वयक विशेषज्ञ ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, मासिक धर्म स्वच्छता, बाल विवाह के दुष्परिणाम और उसे रोकने के उपायों की जानकारी दी। जरूरत पड़ने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का उपयोग करने की सलाह भी दी गई। इसके अलावा विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया।

जेंडर विशेषज्ञ पूनम रजवाड़े ने नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और महतारी वंदन योजना की जानकारी दी। वहीं जेंडर विशेषज्ञ सलोमी कुजूर ने सखी वन स्टॉप सेंटर, घरेलू हिंसा एवं महिला उत्पीड़न से संबंधित सहायता सेवाओं के साथ महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान सारिका ने छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया, जबकि आउटरीच वर्कर आरती ने पोषण सामग्री का वितरण किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य के.पी. कुजूर, व्याख्याता एस.एन. यादव, प्रदीप त्रिपाठी, सुषमा जायसवाल, सीमा राय सहित विद्यालय के शिक्षक, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story