मप्र इंदौर के 'भारत उदय एक्सपो' में छाई बस्तर की कला एवं जैविक उत्पाद

WhatsApp Channel Join Now
मप्र इंदौर के 'भारत उदय एक्सपो' में छाई बस्तर की कला एवं जैविक उत्पाद


जगदलपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर के अर्बन हाट में 10 से 14 सितंबर तक आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय 'भारत उदय मध्य प्रदेश एक्सपो 2026' में बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक हुनर का परचम लहराया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत बस्तर जिले की महिला स्व-सहायता समूहों ने इस चार दिवसीय प्रदर्शनी में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने शिल्पकला और जैविक उत्पादों से राष्ट्रीय पटल पर गहरी छाप छोड़ी।

प्रदर्शनी के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल पर भारत माता स्व-सहायता समूह (चिलकुटी), तूरेनार ग्रोथ सेंटर और कलागुड़ी के साझा प्रयासों से बस्तर के खास उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। स्टॉल पर सजी विश्व विख्यात बस्तर की बेलमेटल यानी ढोकरा हस्तशिल्प की नक्काशीदार कलाकृतियों ने कलाप्रेमियों और आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। इसके साथ ही प्राकृतिक रूप से तैयार तीखुर और इमली जैसे वनोपज, तथा छत्तीसकला ब्रांड के तहत पेश किए गए हल्दी, धनिया, लाल मिर्च पाउडर, सुगंधित जीराफूल चावल और शुद्ध सरसों तेल की इंदौरवासियों एवं स्थानीय व्यापारियों ने हाथों-हाथ खरीदारी की।

'नवाचार से आत्मनिर्भरता तक-विकसित भारत, समृद्ध मध्य प्रदेश' की मूल थीम पर केंद्रित इस राष्ट्रीय एक्सपो का प्रमुख उद्देश्य जमीनी स्तर के ग्रामीण उद्यमियों को सीधे राष्ट्रीय बाजार से जोड़ना था। इस मंच ने बस्तर के सुदूर क्षेत्रों में कार्यरत महिला उद्यमियों को बिचौलियों के हस्तक्षेप के बिना सीधे उपभोक्ताओं और थोक व्यापारियों से संवाद स्थापित करने का अवसर प्रदान किया। आयोजन से न केवल समूह की महिलाओं को उल्लेखनीय आर्थिक लाभ हुआ, बल्कि उन्हें बड़े शहरी बाजारों के अनुरूप पैकेजिंग, ब्रांडिंग और उपभोक्ता मांग को करीब से समझने का अमूल्य व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story