राज्यस्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में बस्तर ने हासिल किया प्रथम स्थान
जगदलपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रायपुर में आयोजित राज्यस्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में बस्तर संभाग का प्रतिनिधित्व कर रहे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदबहार दरभा के प्रतिभागी तनीष कश्यप एवं भूमिका मौर्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सरगुजा संभाग ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर आकाश छिकारा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि तनीष कश्यप एवं भूमिका मौर्य की सफलता उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
बस्तर संभाग के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि है। दोनों प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, ज्ञान, मेहनत और बेहतर तैयारी के दम पर राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे संभाग को गौरवान्वित किया है। बस्तर की प्रतिभा ने प्रदेश स्तर पर लहराया परचम, प्रथम स्थान की उपलब्धि से जिले में खुशी की लहर है।
उन्होंने कहा कि रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता युवाओं में एचआईवी एड्स, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति समझ विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने दोनों प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यालय के शिक्षकों एवं मार्गदर्शकों के योगदान की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

