सुकमा जिले में बस्तर ओलंपिक का आयोजन 16 नवंबर से

WhatsApp Channel Join Now
सुकमा जिले में बस्तर ओलंपिक का आयोजन 16 नवंबर से


सुकमा, 13 नवंबर (हि.स.)। बस्तर की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और ग्रामीण युवाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर देने के लिए बस्तर ओलंपिक 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। 'हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान' की थीम पर होने वाले इस खेल महाकुंभ की शुरुआत 16 नवंबर से होगी। इसमें जिले के सुकमा, कोंटा और छिंदगढ़ विकासखंड के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का जिलास्तरीय आयोजन 26 और 27 नवंबर को सुकमा में होगा।

प्रशासन की ओर से प्रतियोगिता का आयोजन तीन चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण में 16 से 19 नवंबर तक कोंटा, सुकमा और छिंदगढ़ ब्लाक के विभिन्न सेक्टरों में क्लस्टर स्तरीय मुकाबले होंगे। इनमें जगरगुंडा, दोरनापाल, केरलापाल, गादीरास और तोंगपाल सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं। इसके बाद 20 और 21 नवंबर को कोंटा व छिंदगढ़ तथा 22 और 23 नवंबर को सुकमा में ब्लाक स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। यहां बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी जिलास्तरीय मुकाबलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

खिलाड़ियों की सुविधा और समान अवसर को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता को दो वर्गों में बांटा गया है। जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष तक के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जबकि सीनियर वर्ग में आयु की कोई सीमा नहीं रखी गई है। इससे गांवों के युवाओं के साथ अनुभवी खिलाड़ियों को भी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स के तहत दौड़, कूद और थ्रो के अलावा पारंपरिक तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल को शामिल किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story