बस्तर सांसद ने माड़िया समाज के सदस्यों काे बस्तर दशहरा रथ खींचने हेतु किया आमंत्रित

WhatsApp Channel Join Now
बस्तर सांसद ने माड़िया समाज के सदस्यों काे बस्तर दशहरा रथ खींचने हेतु किया आमंत्रित


जगदलपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप आज शनिवार काे किलेपाल पहुंचकर उन्होंने बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक रथ को खींचने की पीढ़ियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करने वाले माड़िया समाज के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने समाज के सदस्यों को बस्तर दशहरा में शामिल होकर 21 एवं 22 अक्टूबर काे ऐतिहासिक रथ खींचने की परंपरा में सहभागिता निभाने हेतु ससम्मान आमंत्रित किया।

सांसद महेश कश्यप ने कहा बस्तर दशहरा अपनी विशिष्ट परंपराओं,जनजातीय आस्था और सांस्कृतिक वैभव के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। इस महापर्व में माड़िया समाज की सहभागिता पीढ़ियों से चली आ रही उस गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है,जो बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को विशिष्ट बनाती है। ऐतिहासिक रथ को खींचने की परंपरा जनजातीय समाज की आस्था,समर्पण और सामूहिक सहभागिता को दर्शाती है। श्री कश्यप ने कहा माड़िया समाज के सदस्यों से आत्मीय संवाद कर बस्तर दशहरा की परंपराओं में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति सम्मान व्यक्त किया तथा इस ऐतिहासिक उत्सव में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आमंत्रण दिया।

कश्यप ने आगे कहा कि बस्तर दशहरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं,बल्कि बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और पीढ़ियों से संरक्षित परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। इस महापर्व की विशिष्टता विभिन्न समाजों की सहभागिता और परंपराओं के प्रति उनके अटूट विश्वास में निहित है। उन्हाेने कहा कि माता मावली एवं दंतेश्वरी के आशीर्वाद से बस्तर की यह अमूल्य सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक अक्षुण्ण बनी रहे और बस्तर दशहरा की गौरवशाली परंपराएं निरंतर आगे बढ़ती रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762755 Articles

Share this story