बस्तर जिले में लक्ष्य के 89 प्रतिशत बच्चों को पिलाई जा चुकी पोलियो की खुराक
जगदलपुर, 29 जून (हि.स.)। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बस्तर जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण के इस महाअभियान में आज दूसरे दिन बस्तर जिले के 89 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बस्तर जिले में इस बार 0 से 5 वर्ष की आयु वर्ग के कुल 1,20,804 बच्चों को जीवन रक्षक पोलियो की दवा पिलाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस महाअभियान में निर्धारित लक्ष्य में बस्तर जिले के 89 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी है। इसके लिए 20 मोबाइल और 24 ट्रांजिस्ट टीमों के साथ 1,932 टीकाकरण कर्मी और 97 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।
बस्तर जिले का पोलियो उन्मूलन में उल्लेखनीय उपलब्धि रहा है, जहां वर्ष 1996 से अब तक पोलियों का एक भी मामला सामने नहीं आया है। इसके साथ ही, छत्तीसगढ़ राज्य में वर्ष 2002 से और संपूर्ण भारतवर्ष में वर्ष 2011 से पोलियो का कोई भी पॉजिटिव प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है और इस गौरवशाली निरंतरता को बनाए रखना ही इस अभियान का मुख्य ध्येय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

