बस्तरिया राजमोर्चा ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कार्यालय का किया घेराव

WhatsApp Channel Join Now
बस्तरिया राजमोर्चा ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कार्यालय का किया घेराव


जगदलपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। बस्तर फाइटर के निकली भर्ती संख्या में बढ़ोतरी के लिए बस्तरिया राजमोर्चा का आंदोलन लगातार जारी है। कलेक्ट्रेट कार्यालय घेराव, आमागुड़ा में प्रदर्शन करने के बाद सोमवार को जगदलपुर में युवाओं ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण देव के कार्यालय का घेराव किया। कार्यालय के सामने मौजूद पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोका। उसके बाद प्रदर्शनकारी युवा सड़क पर ही बैठकर अपनी आवाज बुलंद करते नजर आए। युवाओं ने बस्तर फाइटर्स की भर्ती बढ़ाने की मांग की है। युवाओं का कहना है कि अगर मांग पर ध्यान नहीं दिया गया तो आगे और भी प्रदर्शन होगा।

बस्तरिया राजमोर्चा के युवा जिला अध्यक्ष विजय कश्यप का कहना है कि प्रदर्शन कर रहे सभी युवा बस्तर जिले से हैं। बस्तर फाइटर्स के लिए निकली भर्ती संख्या को बढ़ाने की मांग बस्तर के युवा कर रहे हैं। वर्तमान में 40 प्रतिशत से बढ़ाकर 75 प्रतिशत करने की मांग है। मांगों को लेकर एसडीएम से लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन मांगें पूरी नहीं हो रही है। जिससे नाराज होकर आज जगदलपुर विधायक और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के कार्यालय का घेराव किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story