बस्तर का रेल यातायात पिछले 13 दिनों से बंद, नवरात्रि स्पेशल ट्रेन पर लगा ग्रहण

WhatsApp Channel Join Now
बस्तर का रेल यातायात पिछले 13 दिनों से बंद, नवरात्रि स्पेशल ट्रेन पर लगा ग्रहण


जगदलपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। बस्तर के बैलाडीला से विशाखापटनम जाने वाला रेल यातायात पिछले 13 दिनों से बंद है, 24 सितंबर से इस रूट पर यात्री ट्रेन सहित मालगाड़ी भी नही चल रही है । चक्रवाती तूफान के दाैरान हुए भूस्खलन से रेल लाइन को हुए नुकसान के बाद रेलवे की आवाजाही पूरी तरह ठप है।

रेलवे ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि क्षतिग्रस्त रेल मार्ग को कब तक बहाल किया जाएगा। जगदलपुर रेल्वे स्टेशन पूरी तरह से सूना पड़ा हुआ है, इसका असर अब नवरात्रि पर भी पड़ता दिख रहा है। प्रतिवर्ष नवरात्रि और दशहरा के दौरान दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ओडिशा और बस्तर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। इन यात्रियों के लिए रेलवे की ओर से चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेन सबसे सस्ता और सुविधाजनक साधन होती है। इस बार रेल मार्ग की बहाली की तारीख तय नहीं होने से नवरात्रि स्पेशल ट्रेन चलेगी या नहीं, इस पर भी संशय बना हुआ है।

नवरात्रि में ओडिशा और आस-पास के इलाकों से कई श्रद्धालु पदयात्रा कर दंतेवाड़ा पहुंचते हैं। दर्शन के बाद इन्हें वापस जगदलपुर, ओडिशा, और आगे के क्षेत्रों में जाना होता है। ऐसे में नवरात्रि स्पेशल ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी राहत रहती है। कम किराए में बड़ी संख्या में यात्री सफर कर लेते हैं। लेकिन इस बार रेल लाइन बंद होने के कारण श्रद्धालुओं को बस या निजी वाहनों पर निर्भर होना पड़ सकता है। वहीं रेल मार्ग बंद होने से बैलाडीला की खदानों से विशाखापटनम जाने वाले लौह अयस्क परिवहन से राेजाना कराेड़ाे का नुकसान उठाना पड़ रहा है। 24 सितंबर से दंतेवाड़ा रेलवे स्टेशन पर लौह अयस्क से भरी मालगाड़ी खड़ी है। सामान्य दिनों में बैलाडीला की एनएमडीसी खदानों से रोजाना करीब 15 रैक लौह अयस्क विशाखापटनम भेजा जाता है, रेल परिचालन बंद होने से यह पूरा परिवहन ठप पड़ा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story