जगदलपुर विकासखंड के ग्राम धुरगुड़ा में विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलम्पिक का आयोजन
जगदलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। बस्तर अंचल की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने और ग्रामीण स्तर पर खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से जगदलपुर विकासखंड के ग्राम धुरगुड़ा में विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलम्पिक का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का साेमवार काे शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष पदलाम नाग द्वारा किया गया। इस दाैरान कलेक्टर आकाश छिकारा तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना विशेष रूप से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने धुरगुड़ा पहुंचे। उन्हाेने मैदान में उतरकर न केवल खिलाड़ियों से आत्मीय परिचय प्राप्त किया, बल्कि उन्हें खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित भी किया।
प्रतियोगिता के दौरान कलेक्टर श्री छिकारा और सीईओ श्री खन्ना ने दर्शकों के बीच बैठकर वालीबॉल, कबड्डी और खो-खो जैसे रोमांचक मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया। मैदान पर ग्रामीण युवाओं और स्कूली बच्चों की गजब की फुर्ती, टीम वर्क और अद्भुत खेल कौशल को देखकर दोनों अधिकारी बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने खिलाड़ियों की प्रतिभा की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि बस्तर के युवाओं में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकने की पूरी क्षमता है। इस दौरान एक बेहद आत्मीय और प्रेरक दृश्य तब देखने को मिला, जब अधिकारियों ने प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाने के लिए अपने हाथों से उन्हें चॉकलेट वितरित की।
उद्घाटन समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष पदलाम नाग ने अपने संबोधन में कहा कि बस्तर ओलम्पिक जैसा आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर दे रहा है, जिससे वे नशे और अन्य बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान दे सकेंगे। पूरे आयोजन के दौरान धुरगुड़ा में किसी बड़े उत्सव जैसा माहौल बना रहा और आस-पास के गांवों से आए सैकड़ों ग्रामीणों ने अंत तक रुककर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

