बारिश के साथ बाजार में लौटी मौसमी स्वाद की बहार , 500 रुपये किलो तक बिक रहा बोड़ा

WhatsApp Channel Join Now
बारिश के साथ बाजार में लौटी मौसमी स्वाद की बहार , 500 रुपये किलो तक बिक रहा बोड़ा


धमतरी, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले में बारिश का दाैर शुरु हाेते ही धमतरी के बाजारों में मौसमी वन उपज का खास आकर्षण लौट आया है। सालभर बेसब्री से इंतजार किए जाने वाले बोड़ा और खेक्सी अब बाजारों में पहुंचने लगे हैं। सीमित उपलब्धता और जबरदस्त मांग के चलते बोड़ा जहां 500 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, वहीं खेक्सी की कीमत भी 300 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।

ऊंची कीमत के बावजूद लोग इन मौसमी सब्जियों को खरीदने के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं। बारिश के मौसम में मिलने वाली इन वन उपजों का लोगों को पूरे वर्ष इंतजार रहता है। इस बार मानसून की शुरुआत अपेक्षाकृत कमजोर रहने से बोड़ा और खेक्सी की आवक कम है, जिससे इनके दाम ऊंचे बने हुए हैं। बाजार में पहुंचते ही इनकी बिक्री हाथोंहाथ हो रही है। शहर के सिहावा चौक, रत्नाबांधा रोड, रुद्री रोड, इतवारी बाजार, गोल बाजार, रामबाग सब्जी बाजार, आंबेडकर चौक रोड और कलेक्ट्रेट रोड सहित विभिन्न स्थानों पर बोड़ा और खेक्सी की बिक्री हो रही है। खरीददार सुबह से ही इनकी तलाश में बाजार पहुंच रहे हैं।

जानकारों के अनुसार बोड़ा, फुटू और खेक्सी जैसी वन उपज धमतरी, नगरी और मगरलोड के वनांचल क्षेत्रों में प्राकृतिक रूप से उगती हैं। विशेष रूप से तेज बारिश, बिजली की कड़क और गर्जना के बाद जंगलों में फुटू और बोड़ा निकलते हैं, इसलिए इनका मौसम और उपलब्धता बहुत सीमित होती है। यही कारण है कि साल में केवल एक बार मिलने वाली इन मौसमी सब्जियों का स्वाद लेने के लिए लोग महंगे दाम चुकाने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। सीमित आवक और बढ़ती मांग के चलते आने वाले दिनों में इनके दाम ऊंचे बने रहने की संभावना जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story