31 अक्टूबर तक मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं नाम, बलरामपुर के सभी 772 मतदान केंद्रों पर अभियान
बलरामपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। लोकतंत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले के युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह अभियान 31 अक्टूबर तक जिले के सभी 772 मतदान केंद्रों पर संचालित होगा।
कलेक्टर ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना केवल पहचान पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने पात्र नागरिकों से पंजीकरण कराने के साथ मतदान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लेने का आग्रह किया।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, एक अक्टूबर 2026 की स्थिति में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे नागरिक, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, अभियान के दौरान पंजीकरण करा सकते हैं। किसी कारणवश मतदाता सूची से नाम हट जाने वाले नागरिक भी दोबारा नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सक्रिय हैं।
कलेक्टर ने युवाओं, नवविवाहित महिलाओं और अन्य पात्र नागरिकों से अपने क्षेत्र के बीएलओ के पास फार्म-6 जमा करने की अपील की। ऑनलाइन आवेदन के इच्छुक नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट मोबाइल ऐप या ecinet.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी फार्म-6 भर सकते हैं। इन माध्यमों से निर्वाचन संबंधी अन्य जानकारियां भी प्राप्त की जा सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

