बलरामपुर में 12 नवंबर को होगा मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन, 11 दिसंबर तक लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में 12 नवंबर को होगा मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन, 11 दिसंबर तक लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां


बलरामपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की तैयारी शुरू हो गई है। बुधवार को इस संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई। बैठक में बताया गया कि मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण 2 नवंबर तक पूरा किया जाएगा, जबकि मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर को होगा।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार सिदार ने की। उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है। प्रारंभिक प्रकाशन के बाद 11 दिसंबर तक मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।

बैठक में बताया गया कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से प्राप्त प्रतिवेदनों के आधार पर नए मतदान केंद्र बनाने तथा मतदान केंद्रों के स्थल और भवन में बदलाव के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक सुझाव देने का अनुरोध किया। प्रतिनिधियों ने इस पर सहमति जताई।

बैठक में निर्वाचन शाखा के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764623 Articles

Share this story