मतदाता सूची होगी और समावेशी, बलरामपुर-रामानुजगंज में चलेगा विशेष पंजीयन अभियान

WhatsApp Channel Join Now
मतदाता सूची होगी और समावेशी, बलरामपुर-रामानुजगंज में चलेगा विशेष पंजीयन अभियान


बलरामपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद आज शनिवार से जिले में मतदाता सूची से छूटे नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो, इसके लिए जिलेवासी भी सहभागी बनें।

अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी वर्तमान मतदाता सूची का एसआईआर से पहले की सूची से मिलान कर उन मतदाताओं की सूची तैयार करेंगे, जिनके नाम पहले दर्ज थे लेकिन अब सूची में शामिल नहीं हैं। बीएलओ घर-घर जाकर इनकी वर्तमान स्थिति का सत्यापन करेंगे और पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 भरवाएंगे। प्रत्येक बीएलओ सप्ताह में 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क करेगा। इसी दौरान नए युवा मतदाताओं का पंजीयन भी कराया जाएगा।

पारदर्शिता के लिए तैयार सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा की जाएगी। आवेदन और सत्यापन प्रतिवेदन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को सौंपे जाएंगे, जो लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के प्रावधानों के अनुसार निर्णय लेंगे। अभियान के अंत में बूथवार सूचियां राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

अभियान के दौरान बूथ स्तर पर शिविर लगाने के साथ रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों, बेघर और वंचित वर्गों के लिए विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। शैक्षणिक संस्थानों, स्वीप गतिविधियों और स्थानीय संपर्क के माध्यम से मतदाता पंजीयन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।

कलेक्टर ने सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाता पंजीयन एक सतत प्रक्रिया है, इसलिए जिन पात्र व्यक्तियों के नाम अब तक दर्ज नहीं हुए हैं या किसी कारणवश सूची से हट गए हैं, वे आवेदन कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story