सेवा सेतु शिविरों से लेकर पेंशन प्रकरणों तक कलेक्टर ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
सेवा सेतु शिविरों से लेकर पेंशन प्रकरणों तक कलेक्टर ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा


बलरामपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आज सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में पहुंचने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक को केंद्र और राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि 6 अक्टूबर को शंकरगढ़ विकासखंड के सावंत सरना डीपाडीह, राजपुर के बरियो, वाड्रफनगर के प्रेमनगर, कुसमी के सबाग, बलरामपुर के रनहत एवं तरकाखाड़ तथा रामचन्द्रपुर के त्रिकुण्डा में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों को शिविरों में प्राप्त आवेदनों का मौके पर निराकरण करने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन सहित विभिन्न विभागों में लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि किसी शिकायत का निराकरण दर्ज करने से पहले संबंधित विभाग अधिकारी स्वयं प्रकरण की जांच करें, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आने के साथ हितग्राही को समय पर उचित राहत मिल सके।

जल जीवन मिशन सहित निर्माण और विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने शासकीय निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और समय-सीमा में पूर्णता पर ध्यान देने को कहा गया।

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री घोषणा से जुड़े अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा शुरू हो चुके कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। न्यायालयीन प्रकरणों में भी आवश्यक कार्रवाई कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों में अनावश्यक देरी नहीं करने तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश सभी विभाग प्रमुखों और आहरण-संवितरण अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story