बलरामपुर में स्वास्थ्य-पोषण सेवा संगम के तहत शिविर, 90 मरीजों की जांच कर किया गया उपचार

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में स्वास्थ्य-पोषण सेवा संगम के तहत शिविर, 90 मरीजों की जांच कर किया गया उपचार


बलरामपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के कुसमी और शंकरगढ़ विकासखंड में स्वास्थ्य-पोषण सेवा संगम के तहत लगाए गए शिविरों में कुल 90 मरीजों की जांच कर उपचार किया गया। गुरुवार को आयोजित इन शिविरों में रक्तचाप, शुगर, रक्त और अन्य स्वास्थ्य जांच के साथ बच्चों, बुजुर्गों तथा गर्भवती महिलाओं का भी परीक्षण किया गया।

जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर जिले के बहुउद्देशीय केंद्र भवनों में 15 अक्टूबर से 15 नवंबर तक स्वास्थ्य-पोषण सेवा संगम का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) सहित अन्य हितग्राहियों को स्वास्थ्य, पोषण और आजीविका से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ उनके गांवों में ही उपलब्ध कराना है।

इसी क्रम में कुसमी विकासखंड के ढोढ़ाचॉपी-चंपानगर क्षेत्र के भुलसीखुर्द में शिविर लगाया गया, जहां 45 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया। यहां 14 लोगों की रक्तचाप और 14 लोगों की शुगर जांच की गई। इसके अलावा आंखों, दांतों और बच्चों, बुजुर्गों तथा गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच भी की गई।

शंकरगढ़ विकासखंड के आमाकोना क्षेत्र के पोड़ीखुर्द में आयोजित शिविर में भी 45 मरीज पहुंचे। यहां 40 लोगों की रक्तचाप, 25 की शुगर, 22 की रक्त और 12 लोगों की एक्स-रे जांच की गई। टीबी की पहचान के लिए आठ लोगों के बलगम के नमूने जांचे गए, जबकि 14 पीवीटीजी हितग्राहियों की स्क्रीनिंग की गई। शिविर में पांच वर्ष से कम उम्र के आठ बच्चों और 60 वर्ष से अधिक उम्र के छह बुजुर्गों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

शिविरों में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, वय वंदना योजना, शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम तथा टीबी, मलेरिया और कुष्ठ रोग नियंत्रण कार्यक्रमों से संबंधित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768952 Articles

Share this story