बलरामपुर में 14 से 16 अक्टूबर तक विशेष आधार शिविर, नया पंजीयन और त्रुटियों में सुधार की सुविधा
बलरामपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए बलरामपुर जिले में 14 से 16 अक्टूबर तक विकासखंड स्तर पर विशेष आधार शिविर लगाए जाएंगे। चिप्स के सहयोग से आयोजित इन शिविरों में नया आधार पंजीयन कराने के साथ पुराने आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि, पता और बायोमेट्रिक संबंधी त्रुटियों में सुधार की सुविधा मिलेगी। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जनपद पंचायत कार्यालयों में आयोजित होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 14 अक्टूबर को जनपद पंचायत कार्यालय बलरामपुर, 15 अक्टूबर को शंकरगढ़ और 16 अक्टूबर को कुसमी में शिविर लगाए जाएंगे। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से शिविरों में पहुंचकर आधार संबंधी समस्याओं का निराकरण कराने की अपील की है।
कलेक्टर ने कहा कि आधार केंद्र और राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेज है। किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन, विद्यार्थियों की अपार आईडी, पैन कार्ड और बैंक खातों से आधार लिंक करने जैसी प्रक्रियाओं में इसकी जरूरत पड़ती है। ऐसे में आधार में छोटी-सी त्रुटि भी हितग्राहियों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। जिन नागरिकों का आधार नहीं बना है या जिनके आधार में कोई गलती है, वे निर्धारित शिविर में पहुंचकर सुविधा का लाभ लें।
शिविरों में बायोमेट्रिक मिसमैच, आधार निरस्त या निष्क्रिय होने, जन्मतिथि और जेंडर में त्रुटि तथा अपडेट के दौरान फिंगरप्रिंट या आइरिस दर्ज नहीं होने जैसी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। नाम, जन्मतिथि और पते में सुधार की सुविधा भी रहेगी। बायोमेट्रिक अपडेट के लिए संबंधित आवेदक की स्वयं उपस्थिति अनिवार्य होगी।
नए आधार पंजीयन के लिए 17 वर्ष तक के बच्चों को जन्म प्रमाण पत्र और माता-पिता का आधार कार्ड लाना होगा। 18 वर्ष से अधिक आयु के आवेदक वोटर आईडी, दसवीं की अंकसूची, ड्राइविंग लाइसेंस या भारतीय पासपोर्ट में से कोई एक मान्य दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं। नाम और जन्मतिथि में सुधार के लिए बीआरएन युक्त जन्म प्रमाण पत्र, दसवीं की अंकसूची या पासपोर्ट जैसे मान्य दस्तावेज आवश्यक होंगे।
पते में सुधार परिवार के मुखिया के आधार के आधार पर अथवा सरपंच, ग्रुप-ए या ग्रुप-बी अधिकारी या प्रधानाचार्य द्वारा मोहर और हस्ताक्षर सहित प्रमाणित यूआईडीएआई मानक प्रमाण पत्र के माध्यम से कराया जा सकेगा। प्रशासन ने आवेदकों से मूल और वैध दस्तावेज साथ लाने का आग्रह किया है। अधिक जानकारी myaadhaar.gov.in पर या शिविर में मौजूद ऑपरेटर से प्राप्त की जा सकती है।
शिविरों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को गांवों में मुनादी कराने और आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

