बलरामपुर में पुलिस अधीक्षक ने जनरल परेड का किया निरीक्षण, आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल से परखी तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में पुलिस अधीक्षक ने जनरल परेड का किया निरीक्षण, आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल से परखी तैयारी


बलरामपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में शुक्रवार को पुलिस लाइन में जनरल परेड आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने परेड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों के अनुशासन, शारीरिक दक्षता और टर्नआउट का जायजा लिया। इसके बाद आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।

परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सलामी ली और पुलिस बल की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने, अनुशासन बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए।

जनरल परेड के बाद आयोजित मॉक ड्रिल में आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तत्परता का अभ्यास किया गया। इस दौरान घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया परखी गई।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को तत्परता से संचालित करने पर जोर दिया।

इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिस बल को आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रखना तथा उसकी कार्यक्षमता बढ़ाना था। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय प्रमोद किसपोट्टा, रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन, प्रशिक्षु सूबेदार ज्योति साहू सहित पुलिस और नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765654 Articles

Share this story