शंकरगढ़ में मोतियाबिंद के 60 मरीज ऑपरेशन के लिए जिला अस्पताल भेजे गए
बलरामपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए सेवा सेतु अभियान के तहत शंकरगढ़ विकासखंड में विशेष कार्यक्रम चलाया गया। आज बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार 13 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से 60 मरीजों को आंखों के ऑपरेशन के लिए जिला चिकित्सालय बलरामपुर भेजा गया।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य मोतियाबिंद से पीड़ित लोगों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। मरीजों को ऑपरेशन के लिए जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई, ताकि उनकी आंखों की रोशनी से जुड़ी समस्या का उपचार हो सके।
मरीजों की पहचान करने से लेकर उन्हें जिला चिकित्सालय तक पहुंचाने में नेत्र सहायक अधिकारी दुर्गेश त्रिपाठी, सेक्टर प्रभारी, सेक्टर सुपरवाइजर, बीडीएम, मैदानी कर्मचारियों और मितानिनों ने सहयोग किया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष चिंतामणि भगत, शंकरगढ़ के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आफताब अंसारी और बीपीएम भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

