बलरामपुर के सेमरसोत जंगल में ट्रक को साइड देने के दौरान पलटी यात्री बस, सभी यात्री सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर के सेमरसोत जंगल में ट्रक को साइड देने के दौरान पलटी यात्री बस, सभी यात्री सुरक्षित


बलरामपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के पस्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरसोत जंगल के अमझरनाला के पास गुरुवार को गढ़वा से अंबिकापुर जा रही यात्रियों से भरी एक बस सड़क किनारे पलट गई। सामने से आ रहे ट्रक को साइड देने के दौरान बस का पहिया गीली मिट्टी में धंस गया, जिससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, राहत की बात रही कि बस में सवार सभी यात्री और चालक सुरक्षित हैं।

पस्ता थाना प्रभारी पुष्पराज साहू के अनुसार, बस गढ़वा से अंबिकापुर की ओर जा रही थी। आज गुरुवार शाम करीब 6 बजे सेमरसोत जंगल के अमझरनाला के पास सड़क संकरी होने के कारण विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक को रास्ता देने के लिए बस को सड़क के किनारे उतारना पड़ा। पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क किनारे की मिट्टी गीली और नरम हो गई थी। इसी दौरान बस का पहिया मिट्टी में धंस गया और देखते ही देखते बस पलट गई।

बस पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पस्ता पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी यात्री सुरक्षित रहे।

हादसे के बाद यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। इसके बाद यात्री अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। संकरी सड़क और लगातार बारिश के कारण सड़क किनारे की मिट्टी कमजोर होने से यह हादसा हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769065 Articles

Share this story