कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं करने पर राजपुर की सर्वमंगला राइस मिल सील
बलरामपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा नहीं करने वाली राइस मिलों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जिले की राइस मिलों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इस दौरान आज गुरुवार को राजपुर स्थित सर्वमंगला राइस मिल में कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं किए जाने की बात सामने आई। सूचना दिए जाने के बावजूद मिल बंद रखी गई थी। इसके बाद खाद्य अधिकारी, खाद्य निरीक्षक और मंडी निरीक्षक की संयुक्त टीम ने मिल को सील कर दिया।
जिला प्रशासन ने सभी राइस मिल संचालकों को शेष चावल 10 दिनों के भीतर नागरिक आपूर्ति निगम में जमा करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान जिन मिलों में धान का स्टॉक निर्धारित मात्रा से कम पाया जाएगा या जो तय समय सीमा में चावल जमा नहीं करेंगी, उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निर्देशों का पालन नहीं करने वाली मिलों को ब्लैक लिस्ट करने के साथ उनकी बैंक गारंटी भी राजसात की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

