सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता कर्मचारियों का सम्मान, स्वास्थ्य शिविर में हुई जांच

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता कर्मचारियों का सम्मान, स्वास्थ्य शिविर में हुई जांच


बलरामपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका बलरामपुर की ओर से आज बुधवार को स्वच्छता कर्मचारियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में लगातार योगदान देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके कार्य और समर्पण की सराहना की गई। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद और एल्डरमैन मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। लोगों ने अपने घर, मोहल्ले और नगर को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इसके साथ ही नशा मुक्ति की शपथ दिलाकर स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।

स्वच्छता कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। इसमें कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया और जरूरत के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता कर्मचारी नगर की स्वच्छता व्यवस्था के महत्वपूर्ण आधार हैं और उनके योगदान को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story