रीडिंग कॉर्नर में कहानी पढ़कर और लिखकर अपनी प्रतिभा दिखा रहे बच्चे, डीईओ ने किया अवलोकन
बलरामपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के विद्यालयों में बनाए गए रीडिंग कॉर्नर बच्चों की पढ़ने-लिखने की क्षमता विकसित करने के साथ उनमें पुस्तकों के प्रति रुचि भी बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार काे जिला शिक्षा अधिकारी एनके निरापुरे ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बलरामपुर का निरीक्षण कर रीडिंग कॉर्नर की गतिविधियों का जायजा लिया।
अवलोकन के दौरान बच्चों ने कहानी की किताबें पढ़कर सुनाईं और उनसे जुड़े सवालों के जवाब दिए। कुछ विद्यार्थियों ने चित्रों को देखकर अपनी कल्पना से कहानियां बनाईं, जबकि अन्य बच्चों ने पढ़े गए अंश को अपने शब्दों में लिखकर दिखाया। बच्चों की सक्रिय भागीदारी और आत्मविश्वास देखकर जिला शिक्षा अधिकारी ने उनकी सराहना की। उन्होंने शिक्षकों को नियमित रूप से इस तरह की गतिविधियां आयोजित कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों की पठन और लेखन क्षमता बेहतर हो सके।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले के सभी प्राथमिक विद्यालयों में ‘हर बच्चा सीखे, हर शिक्षक प्रेरित करे, हर विद्यालय उत्कृष्ट बने’ थीम के साथ मिशन आचार्य संचालित किया जा रहा है। इसके तहत मिशन के पांच स्तंभों के लक्ष्यों को पूरा करने के साथ शत-प्रतिशत साक्षरता सुनिश्चित करने और प्रत्येक बच्चे को पढ़ने-लिखने में दक्ष बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
मिशन के तहत विद्यालयों की नियमित निगरानी भी की जा रही है, ताकि कक्षा स्तर पर बच्चों की सीखने की प्रक्रिया प्रभावी बनी रहे। इसका उद्देश्य बच्चों में पठन और लेखन का कौशल विकसित कर उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

