बलरामपुर में 61 हजार से अधिक राशनकार्ड सदस्यों की ई-केवाईसी बाकी, कल अंतिम मौका

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशनकार्डों में दर्ज 61,335 सदस्यों का ई-केवाईसी सत्यापन अब भी बाकी है। खाद्य विभाग ने इसके लिए 30 अक्टूबर 2026 तक की अंतिम तिथि निर्धारित की है। गुरुवार को विभाग ने राशनकार्डधारियों से अपील की कि वे समय सीमा के भीतर नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान पर पहुंचकर ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूरा करा लें।

खाद्य अधिकारी के अनुसार, राशनकार्ड में दर्ज जिन सदस्यों का सत्यापन नहीं हुआ है, वे उचित मूल्य दुकान में ई-पॉस मशीन अथवा फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं। विभाग ने निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि राशन वितरण में किसी तरह की परेशानी न हो।

सत्यापन के दौरान यदि कोई सदस्य अपने निवास स्थान पर नहीं मिलता है या उसकी मृत्यु हो चुकी है, तो स्थानीय निकाय के माध्यम से नियमानुसार उसका नाम राशनकार्ड से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित स्थानीय निकायों को निर्देश जारी किए गए हैं।

विशेष पिछड़ी जनजाति के हितग्राहियों, दिव्यांगजनों और अत्यधिक बुजुर्ग सदस्यों को ई-केवाईसी कराने में परेशानी होने पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। ऐसे हितग्राहियों की आवश्यक दस्तावेजों सहित अलग सूची तैयार कर स्थानीय निकाय में जमा कराई जा रही है, ताकि उनकी स्थिति के अनुसार सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

खाद्य विभाग ने जिले के सभी राशनकार्डधारियों से अपील की है कि वे 30 अक्टूबर तक अपनी नजदीकी उचित मूल्य दुकान में जाकर ई-केवाईसी करा लें और अंतिम तिथि निकलने से पहले सत्यापन पूरा करना सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768952 Articles

Share this story