बलरामपुर में दाे नवंबर को राज्योत्सव में सांसद चिंतामणि महाराज होंगे मुख्य अतिथि, कलेक्टर ने तैयारियों का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में दाे नवंबर को राज्योत्सव में सांसद चिंतामणि महाराज होंगे मुख्य अतिथि, कलेक्टर ने तैयारियों का लिया जायजा


बलरामपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को जिला मुख्यालय में जिलास्तरीय राज्योत्सव आयोजित किया जाएगा। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। शुक्रवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, जिले की उपलब्धियों और नवाचारों पर आधारित विभागीय स्टॉलों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम के लिए बनाए जा रहे मंच, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था और पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। संभावित बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए उन्होंने वैकल्पिक इंतजाम सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। उन्होंने मौसम को ध्यान में रखते हुए मंच, बैठक व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों को पुख्ता रखने को कहा।

इससे पहले कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर राज्योत्सव की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की थी। उन्होंने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि राज्योत्सव गरिमामय और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story