बलरामपुर रक्षित आरक्षी केंद्र का वार्षिक निरीक्षण, बेहतर परेड प्रदर्शन पर 21 पुलिसकर्मी पुरस्कृत

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर रक्षित आरक्षी केंद्र का वार्षिक निरीक्षण, बेहतर परेड प्रदर्शन पर 21 पुलिसकर्मी पुरस्कृत


बलरामपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने शुक्रवार को रक्षित आरक्षी केंद्र बलरामपुर का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड, पुलिसकर्मियों की वेशभूषा, शासकीय वाहनों, शस्त्रागार और विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बेहतर टर्नआउट और परेड प्रदर्शन करने वाले 21 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कृत किया गया। वहीं, अनुशासनहीनता के मामले में एक कर्मचारी को आचरण में सुधार लाने के लिए दंडित किया गया।

निरीक्षण की शुरुआत परेड से हुई। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन ने पुलिस अधीक्षक को सलामी दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों की वेशभूषा, टर्नआउट और परेड ड्रिल का निरीक्षण किया। उन्होंने शासकीय वाहनों की स्थिति भी देखी और बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया।

शासकीय वाहनों के निरीक्षण के दौरान सभी वाहनों की मीटर रीडिंग, लॉगबुक और ड्राइवर डायरी की जांच की गई। वाहन चालकों को आवश्यक किट और जीवनरक्षक दवाइयां उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए, ताकि आपात स्थिति में उनका उपयोग किया जा सके। शस्त्रागार के निरीक्षण में हथियारों के सुरक्षित रखरखाव और नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी गई।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और दरबार आयोजित कर अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों और फरियादियों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अनुशासनहीनता और गैरहाजिरी से जुड़े चार प्रकरणों का भी ओआर में निराकरण किया गया।

वार्षिक निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी, उप पुलिस अधीक्षक प्रमोद किस्पोट्टा, कमलेश्वर भगत, मो. याकूब मेमन, एसडीओपी एलेक्सियूस टोप्पो सहित मुख्यालय और आसपास के थाना-चौकी प्रभारी, स्टाफ तथा प्रशिक्षु उप निरीक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम में कुल 190 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780316 Articles

Share this story