बलरामपुर में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, परिजनों का किया सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, परिजनों का किया सम्मान


बलरामपुर में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, परिजनों का किया सम्मान


बलरामपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। कर्तव्य निभाते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में बुधवार को रक्षित केंद्र बलरामपुर में पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शहीदों के नामों का वाचन कर उन्हें सलामी दी गई और शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को आमंत्रित कर शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत परेड कमांडर एवं रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन द्वारा पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर को सलामी देने के साथ हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों के नामों का वाचन किया। शहीदों की सम्मान सूची को शहीद स्मारक पर स्थापित करने के बाद परेड के माध्यम से उन्हें सलामी दी गई। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, गणमान्य नागरिकों और शहीद परिजनों ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया।

इस अवसर पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने शहीद परिजनों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन पर परेड कमांडर के नेतृत्व में शहीद परेड ने स्मारक के दोनों ओर से धीमी चाल में मार्च करते हुए प्रस्थान किया।

शहीद परिजनों की समस्याएं सुनकर निराकरण का दिया आश्वासन

कार्यक्रम के बाद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित शहीद परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और यथासंभव जल्द निराकरण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद शहीद परिजनों को सम्मानपूर्वक उनके निवास तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी, जिले के सभी पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, मुख्यालय के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, प्रशासनिक अधिकारी, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764623 Articles

Share this story