बलरामपुर में पीएम सूर्यघर योजना के तीन हजार से अधिक आवेदन, कलेक्टर ने बैंकों को लंबित प्रकरण जल्द निपटाने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में अब तक 3,024 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 4,010 आवेदनों के लक्ष्य के मुकाबले यह संख्या 75 प्रतिशत से अधिक है। योजना की प्रगति तेज करने के लिए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आज गुरुवार को आयोजित बैठक में बैंक अधिकारियों, विद्युत विभाग और सोलर वेंडरों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए हैं।

जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने योजना के तहत हितग्राही पंजीयन, बैंक ऋण, तकनीकी स्वीकृति और सोलर वेंडरों से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा की। बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता यू.एस. बर्मन, अग्रणी जिला प्रबंधक मुकुंद कर्ण, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक और सोलर वेंडर उपस्थित रहे।

बैठक में बताया गया कि जिले में प्राप्त 3,024 आवेदनों में से 3,016 को तकनीकी व्यवहार्यता की स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं, 1,351 आवेदनों में हितग्राहियों ने सोलर वेंडर का चयन कर लिया है। अब योजना के तहत आगे की प्रक्रिया पूरी कर अधिक से अधिक घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है।

कलेक्टर ने बैंकों में लंबित आवेदनों की प्रकरणवार समीक्षा करते हुए उनके लंबित रहने के कारणों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का जल्द निराकरण करने और आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों के प्रकरणों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि पात्र लोगों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।

कलेक्टर ने बैंक अधिकारियों, विद्युत विभाग के अभियंताओं और सोलर वेंडरों को आपसी समन्वय के साथ युद्ध स्तर पर काम करने के निर्देश दिए। साथ ही योजना के लाभों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस योजना से जुड़ सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768865 Articles

Share this story