बलरामपुर : प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना बनी सहारा, आर्थिक मदद से शशी को मिला बेहतर पोषण, जन्मी स्वस्थ बालिका
बलरामपुर, 16 मार्च (हि.स.)। मातृत्व का समय किसी भी महिला के जीवन का अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण दौर होता है। इस दौरान उचित पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच और आर्थिक सहयोग माँ और शिशु दोनों के स्वास्थ्य के लिए आवश्यक होते हैं। ऐसी परिस्थिति में शासन की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना गर्भवती महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनकर सामने आ रही है। योजना के माध्यम से अनेक माताओं को सुरक्षित मातृत्व और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
विकासखंड राजपुर के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र कोडाकुपारा की निवासी शशी के लिए यह योजना गर्भावस्था के दौरान बड़ी राहत साबित हुई। सीमित आय वाले परिवार से आने के कारण गर्भावस्था के समय पोषण और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना उनके लिए आसान नहीं था। परिवार मजदूरी पर निर्भर था, जिससे नियमित आय का अभाव रहता था और अतिरिक्त खर्च की चिंता बनी रहती थी।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत शशी को कुल 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसमें पहली किश्त के रूप में 3 हजार रुपये और दूसरी किश्त के रूप में 2 हजार रुपये सीधे उनके बैंक खाते में जमा किए गए। इस राशि से उन्हें गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने में काफी मदद मिली।
शशी बताती हैं कि सहायता राशि मिलने के बाद उन्होंने अपने खानपान पर विशेष ध्यान दिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराई और संतुलित आहार लिया। इसके परिणामस्वरूप उन्होंने एक स्वस्थ बालिका को जन्म दिया, जिसका जन्म के समय वजन 2.8 किलोग्राम था।
वर्तमान में नियमित स्तनपान, संतुलित आहार और परिवार की देखभाल के कारण बच्ची का विकास सामान्य और स्वस्थ तरीके से हो रहा है। बालिका के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है।
शशी ने इस सहयोग के लिए शासन और महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना से उन्हें गर्भावस्था के दौरान बड़ा सहारा मिला, जिससे माँ और शिशु दोनों का स्वास्थ्य बेहतर बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

