बलरामपुर में पीएम किसान उत्सव दिवस 30 काे, कृषि मंत्री रामविचार नेताम होंगे शामिल
बलरामपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त 30 अक्टूबर को जारी की जाएगी। इस अवसर पर शुक्रवार को बलरामपुर के ऑडिटोरियम भवन में सुबह 9 बजे से पीएम किसान उत्सव दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा से किसानों के खातों में योजना की किस्त जारी करेंगे।
जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते और सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी।
पीएम किसान उत्सव दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय के साथ विकासखंड स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में मुख्य आयोजन का वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा, ताकि किसान प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और किस्त जारी किए जाने की प्रक्रिया को देख सकें।
जिला प्रशासन ने किसानों और ग्रामीणों से अपने क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

