बलरामपुर के 61,425 किसानों के खातों में पहुंची पीएम किसान सम्मान निधि की 12.32 करोड़ रुपये की किस्त
बलरामपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त शुक्रवार को जारी कर दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किस्त जारी की, जिसके साथ ही बलरामपुर जिले के 61,425 पात्र किसानों के बैंक खातों में कुल 12 करोड़ 32 लाख रुपये की राशि अंतरित हुई। इस अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम भवन में पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया।
किस्त की राशि मिलने से किसानों को खेती-किसानी और उससे जुड़ी आवश्यकताओं की पूर्ति में आर्थिक सहायता मिलेगी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को कृषि कार्यों के लिए नियमित आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के साथ केंद्र और राज्य सरकार की अन्य कृषि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर ओमप्रकाश जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, बद्री यादव, विजय प्रताप सिंह, अपर्णा दीक्षित, भानु प्रकाश दीक्षित, दीनानाथ यादव, उप संचालक कृषि रामचंद्र भगत, सहायक संचालक परमानंद वर्मा और कमलेश साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

