बलरामपुर के 6,968 परिवारों को मिला अपना पक्का आशियाना

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर के 6,968 परिवारों को मिला अपना पक्का आशियाना


प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सामूहिक गृह प्रवेश, छह विकासखंडों में नए घरों की चौखट पर खिले चेहरे

बलरामपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 6,968 परिवारों का पक्के घर का सपना पूरा हुआ है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल 2026 से अब तक पूर्ण हुए इन आवासों का सामूहिक गृह प्रवेश 11 सितंबर को जिलेभर में उत्साह के साथ कराया गया। आज शनिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार वर्षों से कच्चे मकानों में रहने वाले हजारों परिवारों को अपने पक्के घर की चौखट मिली है।

सभी विकासखंडों में गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को नए घर की चाबी सौंपी गई। पूजा-अर्चना और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच परिवारों ने अपने नए आवास में प्रवेश किया। कई परिवारों के लिए यह पल भावुक और यादगार रहा।

विकासखंडवार देखें तो रामचन्द्रपुर में सबसे अधिक 2,276 आवास पूर्ण हुए हैं। इसके अलावा वाड्रफनगर में 1,772, कुसमी में 1,215, बलरामपुर में 1,142, राजपुर में 353 और शंकरगढ़ में 210 आवास पूर्ण किए गए हैं।

पक्का घर मिलने के बाद हितग्राही परिवारों ने इसे सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी बड़ी उपलब्धि बताया। प्रशासन के अनुसार आवास निर्माण के साथ पात्र परिवारों को अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान भी चलाया जाना है। ऐसे में अभियान शुरू होने से पहले 6,968 परिवारों का गृह प्रवेश जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्रशासन ने शेष स्वीकृत आवासों को भी प्राथमिकता के साथ पूरा कराने पर जोर दिया है।

अधिकारियों के अनुसार आवास निर्माण की प्रगति की लगातार निगरानी की गई, जिसके चलते पूर्ण आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में कराया जा सका। अब शेष आवासों को भी गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story