बलरामपुर में धान खरीद शुरू, कलेक्टर ने तिलक-माला पहनाकर किसानों का किया सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में धान खरीद शुरू, कलेक्टर ने तिलक-माला पहनाकर किसानों का किया सम्मान


बलरामपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीद की शुरुआत रविवार को उत्साह के साथ हुई। बलरामपुर धान उपार्जन केंद्र में किसानों ने परंपरा के अनुसार तौल मशीन और बांट की विधिवत पूजा-अर्चना कर खरीद उत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने धान बेचने पहुंचे ओबरी के किसान संतन सिंह और संतोष यादव का तिलक लगाकर व माला पहनाकर सम्मान किया। उन्होंने किसानों का मुंह मीठा कराया और धान खरीदी की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद किसानों के धान की तौल कर खरीद प्रक्रिया शुरू की गई।

धान खरीद के पहले दिन जिले के कई उपार्जन केंद्रों में सुबह से ही किसानों की आवाजाही शुरू हो गई थी। वीरेंद्रनगर, रघुनाथनगर, बरदर, वाड्रफनगर, बसंतपुर, डोंगरो, बरियों, सरना, रामानुजगंज, जमड़ी, त्रिकुंडा, बलंगी और रामनगर सहित विभिन्न समितियों में किसानों ने धान का विक्रय किया।

कलेक्टर ने बताया कि इस वर्ष किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदा जा रहा है। उपार्जन केंद्रों में प्रति बोरा 40 किलोग्राम धान की भराई होगी। नए जूट बारदानों का वजन 545 से 626 ग्राम तक मान्य रहेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे टोकन प्राप्त करें और निर्धारित तिथि पर साफ-सुथरा व सूखा धान लेकर केंद्र पहुंचें। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य पारदर्शी व्यवस्था के तहत मिले, यह प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में रखे टोकन, बारदाना, फड़ मुंशी, धान खरीदी, धान उठाव, रिजेक्ट, स्टॉक और निरीक्षण पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने हमालों की अद्यतन स्थिति दर्ज करने के लिए हमाल रजिस्टर में नियमित एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

पहले दिन धान बेचने पहुंचे ओबरी निवासी किसान संतन सिंह ने बताया कि वे करीब सात एकड़ में खेती करते हैं और उन्होंने 50 क्विंटल धान यानी 125 बोरा धान बेचा है। उन्होंने कहा कि शासन के किसान हितैषी निर्णयों से किसान खुश हैं। वहीं जतरो और अलगडीहा में खेती करने वाले किसान संतोष यादव ने पहले दिन 16 क्विंटल 40 किलो धान यानी 41 बोरी का विक्रय किया। उन्होंने उपार्जन केंद्र की व्यवस्था को सुगम बताया।

उपार्जन केंद्र में धान खरीदी की प्रक्रिया के तहत सबसे पहले किसानों का आवक पंजी में पंजीयन किया जाएगा। इसके बाद किसान अपना धान फड़ में ले जाएंगे, जहां किसान या उनके पंजीकृत नॉमिनी का बायोमेट्रिक सत्यापन होगा। सत्यापन के बाद धान निर्धारित स्थान पर खाली कराया जाएगा और मॉइस्चर मीटर से नमी की जांच की जाएगी। धान में अधिकतम 17 प्रतिशत तक नमी मान्य होगी। गुणवत्ता परीक्षण के बाद हमालों द्वारा नए और पुराने बारदानों में धान की भराई, तौल, सिलाई और सुरक्षित स्टैकिंग की जाएगी। पंजीयन से लेकर तौल और भंडारण तक पूरी प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777407 Articles

Share this story