बलरामपुर में धान खरीद के पहले दिन 37 केंद्रों पर 6,584 क्विंटल खरीद, पिछले साल से 20 गुना अधिक

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में धान खरीद के पहले दिन 37 केंद्रों पर 6,584 क्विंटल खरीद, पिछले साल से 20 गुना अधिक


बलरामपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीद की शुरुआत उत्साहजनक रही। 15 नवंबर को खरीद के पहले दिन जिले के 54 उपार्जन केंद्रों में से 37 केंद्रों पर कुल 6,584 क्विंटल धान खरीदा गया। पिछले वर्ष पहले दिन 10 केंद्रों में केवल 332.4 क्विंटल धान की खरीद हुई थी। इस तरह इस वर्ष पहले दिन की खरीद पिछले साल की तुलना में लगभग 20 गुना अधिक रही।

पहले दिन सबसे अधिक 597.2 क्विंटल धान वीरेंद्रनगर उपार्जन केंद्र में खरीदा गया। इसके बाद भंवरमाल में 528, महाराजगंज में 439.2, विजयनगर में 427.6, त्रिकुंडा में 376 और बसंतपुर में 355.2 क्विंटल धान की खरीद हुई। रामनगर, रामानुजगंज, पचावल, महावीरगंज, कामेश्वरनगर, रघुनाथनगर, डुमरपान, सरना और डिण्डों केंद्रों में भी 200 क्विंटल से अधिक धान खरीदा गया।

इस वर्ष शुरू किए गए नए उपार्जन केंद्रों में भी पहले दिन से खरीद शुरू हो गई। इनमें पचावल केंद्र में 241.6, चेरा में 88.4, लिलौटी में 56 और रामचंद्रपुर में 24.8 क्विंटल धान खरीदा गया।

उपार्जन केंद्रों में निर्धारित मापदंडों के अनुसार धान की तौल की जा रही है। प्रत्येक बोरे में 40 किलोग्राम धान की भर्ती की जा रही है। नए जूट बारदाने का वजन 545 से 626 ग्राम तक मान्य है। धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत निर्धारित है, जिसकी जांच मॉइस्चर मीटर से की जा रही है। इसके अलावा क्षतिग्रस्त, बदरंग, अंकुरित और घुने हुए दाने अधिकतम 5 प्रतिशत, अपरिपक्व और सिकुड़े दाने 3 प्रतिशत तथा निम्न श्रेणी के धान का मिश्रण अधिकतम 6 प्रतिशत तक मान्य है।

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे तुहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर निर्धारित तिथि पर साफ-सुथरा और सूखा धान ही उपार्जन केंद्रों में लेकर आएं। जिले में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777956 Articles

Share this story