धान के अवैध परिवहन पर निगरानी के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल सेंटर गठित
बलरामपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के दौरान धान खरीदी को सुचारू रूप से संचालित करने और अवैध परिवहन पर निगरानी रखने के लिए जिला स्तरीय एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का गठन किया गया है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने इसके साथ ही उड़नदस्ता दल भी गठित किया है। कलेक्ट्रेट स्थित खाद्य शाखा के कक्ष क्रमांक 19 में जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यहां जिले को प्राप्त होने वाले अलर्ट का निराकरण भी किया जाएगा।
गठित टीम में अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, उप संचालक कृषि अनिल कुमार वर्मा, खाद्य अधिकारी सचिन मरकाम, सहायक पंजीयक एवं सहायक आयुक्त सहकारिता सुरेश पैंकरा, जिला विपणन अधिकारी प्रीतिका पूजा केरकेट्टा, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक जसबीर सिंह मक्कड़, कृषि उपज मंडी रामानुजगंज के सचिव विरेन्द्र ठाकुर, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी के.पी. मिश्रा और ई-जिला प्रबंधक देवेश्वर कश्यप को शामिल किया गया है।
कलेक्टर ने टीम को धान खरीद में अनियमितताओं से संबंधित 'सतर्क' ऐप पर प्राप्त होने वाले अलर्ट और टिकट का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। इस व्यवस्था के माध्यम से धान के अवैध परिवहन और खरीदी में होने वाली अनियमितताओं पर निगरानी रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

