बारिश से धान बचाने और अवैध आवक रोकने प्रशासन अलर्ट, 54 खरीदी केंद्रों और 24 चेकपोस्ट पर बढ़ाई निगरानी

WhatsApp Channel Join Now
बारिश से धान बचाने और अवैध आवक रोकने प्रशासन अलर्ट, 54 खरीदी केंद्रों और 24 चेकपोस्ट पर बढ़ाई निगरानी


-54 खरीद केंद्रों और 24 चेकपोस्ट पर बढ़ाई निगरानी

बलरामपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। समर्थन मूल्य पर धान खरीद के बीच बारिश की आशंका और सीमावर्ती राज्यों से अवैध धान की आवक को देखते हुए जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। जिले के सभी 54 धान उपार्जन केंद्रों में धान को भीगने से बचाने के लिए तिरपाल, पन्नी और कैप कवर की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, दूसरे राज्यों से अवैध धान का परिवहन रोकने के लिए बनाए गए 24 चेकपोस्ट पर रात में भी निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और संबंधित विभागों की टीमें इस पूरी व्यवस्था में जुटी हैं।

बारिश की आशंका को देखते हुए सभी उपार्जन केंद्रों में धान के स्टॉक को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। धंधापुर, बरतीकला और रामचन्द्रपुर सहित अन्य केंद्रों में कैप कवर, पन्नी और तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। तेज हवा में कवर उड़ने से बचाने के लिए धान के स्टैक को रस्सियों से मजबूती से बांधा जा रहा है। इसके साथ ही जमीन की नमी से बचाव के लिए पर्याप्त ड्रेनेज और खरीदी केंद्रों के फड़ के आसपास नालियों की सफाई कर जल निकासी सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति न बने।

कलेक्टर ने सभी केंद्र प्रभारियों और समिति कर्मचारियों को 20 से 22 नवंबर तक मुख्यालय में रहकर लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। धान की व्यवस्थित स्टैकिंग और भौतिक सत्यापन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है, ताकि खरीदी के बाद उपार्जित धान को सुरक्षित रखा जा सके।

धान के भंडारण की व्यवस्था मजबूत करने के लिए उपार्जन केंद्रों के आसपास अतिरिक्त स्थान भी चिन्हित किए जा रहे हैं। राजस्व अमला और खरीदी केंद्र प्रभारी मिलकर वैकल्पिक भंडारण स्थलों का चयन कर रहे हैं। सामरी और डीपाडीहकला में अतिरिक्त भूमि चिन्हित की जा चुकी है। अन्य केंद्रों के आसपास भी जरूरत के अनुसार भंडारण के लिए उपयुक्त स्थान तलाशे जा रहे हैं।

दूसरी ओर, सीमावर्ती राज्यों से अवैध धान की आवक रोकने के लिए जिले में 24 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। यहां तैनात अधिकारी और कर्मचारी रात में भी गश्त कर वाहनों की निगरानी कर रहे हैं। सभी एसडीएम को भी रात्रि में चेकपोस्ट पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लेने और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

रामानुजगंज विकासखंड में चुनापाधर, महादेवपुर, त्रिशुली के भेडरू बुटर और हल्दी मोड़, बालचउरा, हुरुपायर, अनिरुधपुर, रामानुजगंज, चंद्रनगर और नगरा बाबा में चेकपोस्ट बनाए गए हैं। वहीं, वाड्रफनगर विकासखंड में मुरकील, चपोता, केसाटी, गिरवानी और धनवार, कुसमी विकासखंड में कौरखा, पुदांग, अमटाही और करचा तथा शंकरगढ़ विकासखंड में पौड़ीखुर्द, बादा और भुवनेश्वरपुर सहित अन्य स्थानों पर निगरानी की जा रही है।

प्रशासन का जोर है कि खरीदी केंद्रों में उपार्जित धान बारिश और नमी से सुरक्षित रहे, भंडारण के लिए पहले से पर्याप्त जगह उपलब्ध हो और दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर समर्थन मूल्य पर खपाने की कोशिशों पर रोक लगाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story