बलरामपुर में 15 से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीद, पांच नए केंद्रों सहित 54 केंद्र तैयार

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में 15 से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीद, पांच नए केंद्रों सहित 54 केंद्र तैयार


बलरामपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार, 15 नवंबर से जिले की 44 समितियों के 54 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी शुरू होगी। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष पांच नए उपार्जन केंद्र भी शुरू किए गए हैं।

नवीन उपार्जन केंद्रों में चेरा, रामचंद्रपुर, पचावल, लिलौठी और परसागुठी शामिल हैं। इन केंद्रों के शुरू होने से आसपास के किसानों को धान विक्रय के लिए सुविधा मिलेगी और खरीदी व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। जिले में 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक धान की खरीदी की जाएगी।

किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जाएगा। धान विक्रय के लिए किसान तुहर टोकन ऐप के माध्यम से 24 घंटे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित टोकन के अनुसार ही उपार्जन केंद्र पहुंचें और अपनी उपज का विक्रय करें। प्रशासन ने खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने में किसानों से सहयोग की अपेक्षा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777100 Articles

Share this story