बलरामपुर में 15 नवंबर से शुरू हो सकती है धान खरीद, 54 केंद्रों में तैयारियां तेज

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में 15 नवंबर से शुरू हो सकती है धान खरीद, 54 केंद्रों में तैयारियां तेज


बलरामपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीद की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर आज शनिवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अपर कलेक्टर अनिल सिदार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें धान खरीद से जुड़े विभागों के अधिकारियों और उपार्जन समितियों के प्रबंधकों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिले में इस वर्ष धान खरीद 15 नवंबर से शुरू होने की संभावना है।

जिले के 54 उपार्जन केंद्रों में धान खरीद की जाएगी। इनमें 49 पुराने और पांच नए केंद्र शामिल हैं। अपर कलेक्टर ने सभी केंद्रों में निर्धारित मापदंडों के अनुसार समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को खरीद के दौरान अनावश्यक इंतजार और असुविधा न हो। उन्होंने टोकन व्यवस्था सुचारू रखने, किसानों को खरीद प्रक्रिया की जानकारी देने और विकासखंड स्तर पर ऑपरेटरों का प्रशिक्षण आयोजित करने को कहा। धान के अवैध परिवहन तथा कोचियों-बिचौलियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रमुख मार्गों पर जरूरत के अनुसार चेकपोस्ट स्थापित कर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में उपार्जन केंद्रों तक पहुंच मार्ग, चबूतरों और फड़ों का समतलीकरण, पेयजल, शौचालय, किसानों के लिए छायादार विश्राम स्थल, जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसके साथ ही तौल कांटों और बाटों का सत्यापन, कंप्यूटर-प्रिंटर, बिजली, बारदाना, सूचना पटल, प्राथमिक उपचार पेटी, सीसीटीवी कैमरे, धान की स्टैकिंग और टोकन ऐप की व्यवस्था समय-सीमा में पूरी करने को कहा गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन की धान खरीदी संबंधी गाइडलाइन की जानकारी भी दी गई।

अधिकारियों ने फसल सर्वे, एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान पंजीयन, एकीकृत पोर्टल में डाटा कैरी फॉरवर्ड तथा पिछले वर्ष के धान के उठाव और कस्टम मिलिंग की स्थिति की समीक्षा की। अपर कलेक्टर ने धान की फसल का भौतिक सत्यापन करने और शेष किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। किसानों के नॉमिनी की जानकारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में अपर कलेक्टर आरएस लाल, खाद्य अधिकारी विनय कुजूर, सहायक पंजीयक सुरेश कुमार पैंकरा, जिला विपणन अधिकारी प्रीतिका पूजा केरकेट्टा, सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी के.पी. मिश्रा सहित खाद्य निरीक्षक और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766185 Articles

Share this story