बलरामपुर के कंठी घाट मार्ग पर फिर शुरू होगी यात्री बसों की आवाजाही, कुसमी-चांदो-सामरी के लोगों को राहत

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर-चांदो-सामरी मार्ग के कंठी घाट पर यात्री बसों के संचालन पर लगाया गया अस्थायी प्रतिबंध हटा लिया गया है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने इस मार्ग पर यात्री बसों के आवागमन की अनुमति देते हुए आदेश जारी किया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

कंठी घाट पर नाली निर्माण कार्य चलने के कारण 17 जुलाई 2026 को सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए यात्री बसों की आवाजाही पर रोक लगाई गई थी। अब लोक निर्माण विभाग, भवन एवं सड़क संभाग रामानुजगंज के कार्यपालन अभियंता ने प्रशासन को बताया है कि मार्ग पर छोटे वाहनों के साथ यात्री बसों का संचालन भी सुरक्षित तरीके से किया जा सकता है।

विभाग की रिपोर्ट और वर्तमान परिस्थितियों की समीक्षा के बाद प्रशासन ने प्रतिबंध हटाने का निर्णय लिया है। इससे कुसमी, चांदो और सामरी क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

आदेश के पालन और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार काे अनुविभागीय दंडाधिकारी कुसमी, जिला परिवहन अधिकारी, संबंधित तहसीलदारों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767604 Articles

Share this story