सीईओ ने पुलिया और तटबंध निर्माण की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश, स्व-सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
सीईओ ने पुलिया और तटबंध निर्माण की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश, स्व-सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों का लिया जायजा


बलरामपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में आज गुरुवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने जनपद पंचायत बलरामपुर के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर विकास कार्यों, शैक्षणिक संस्थानों और ग्रामीण आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में तकनीकी मापदंडों का पालन करने, श्रमिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और शासकीय संस्थानों की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों की स्वरोजगार गतिविधियों की समीक्षा कर उन्हें आय बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत ओबरी में सीईओ ने पुलिया निर्माण, शिव मंदिर के पास तटबंध निर्माण और शेड निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता में आवश्यक सुधार करने और तकनीकी मापदंडों के अनुरूप कार्य पूरा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं तकनीकी अमले को दिए।

ग्राम पंचायत जवाहरनगर में उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित मछली पालन, किराना दुकान, कपड़े की दुकान और श्रृंगार स्टोर जैसी गतिविधियों का जायजा लिया। शीतल महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य उमा रानी गोलदार ने बताया कि इन गतिविधियों से उन्हें प्रतिमाह करीब 15 हजार रुपये की आय हो रही है। इससे वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। गतिविधियों का विस्तार करने के लिए उन्होंने एनआरएलएम से पांच लाख रुपये का ऋण भी लिया है।

सीईओ ने समूह की महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए नियमित आय बढ़ाने और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इसी गांव में उन्होंने नवीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया, जहां केंद्र संचालित पाया गया। इसके साथ ही प्राथमिक और माध्यमिक शाला में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेकर उनमें निरंतर सुधार करने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत जरहाडीह में विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन के तहत हितग्राही अनिल के निर्माणाधीन डबरी कार्य का निरीक्षण किया गया। मौके पर 44 मजदूर काम करते मिले। सीईओ ने कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने और एनएमएमएस ऐप के माध्यम से सभी श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक को पर्याप्त संख्या में श्रमिकों की उपस्थिति सुनिश्चित कर निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। साथ ही शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा कराने पर जोर दिया।

निरीक्षण के अंत में डॉ. चतुर्वेदी ने मैदानी अमले को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत चल रहे निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए। शासकीय संस्थानों में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ एनआरएलएम के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761595 Articles

Share this story