जल जीवन मिशन की योजनाओं की कलेक्टर ने की समीक्षा, लंबित कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जल जीवन मिशन की योजनाओं की कलेक्टर ने की समीक्षा, लंबित कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश


जल जीवन मिशन की योजनाओं की कलेक्टर ने की समीक्षा, लंबित कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश


बलरामपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आज गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं, उनकी अद्यतन प्रगति और पूर्ण हो चुके कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में विभिन्न निविदाओं की दर स्वीकृति, अनुबंधों में समयवृद्धि और निरस्त अनुबंधों सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। अक्टूबर 2026 तक पूर्ण की जाने वाली 772 योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा डीएमएफ मद से बोर खनन, सेवा संकल्प अभियान के तहत जल जन सेवा संकल्प और जल अर्पण दिवस के आयोजन को लेकर भी जानकारी ली गई।

जल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रयोगशाला और एफटीके किट के माध्यम से किए जा रहे जल परीक्षण की प्रगति की समीक्षा की गई। वहीं क्रेडा विभाग द्वारा सोलर पंप स्थापना में आ रही समस्याओं और उनके समाधान के उपायों पर भी चर्चा हुई।

कलेक्टर ने सीआईआरपी के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर गति देने, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पालन करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य के अनुरूप कार्य किया जाए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता पंकज जैन, उप अभियंता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों में निरंतरता बनाए रखने के लिए ठेकेदारों के देयकों का नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story