बलरामपुर में जल जीवन मिशन की 261 योजनाओं पर काम जारी, कलेक्टर ने समय-सीमा में पूरा करने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में जल जीवन मिशन की 261 योजनाओं पर काम जारी, कलेक्टर ने समय-सीमा में पूरा करने के दिए निर्देश


बलरामपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में बुधवार को जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 772 योजनाओं में से 511 पूरी हो चुकी हैं। इनमें 308 योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं, जबकि शेष 261 योजनाओं पर काम जारी है।

कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक शुद्ध और नियमित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने शेष गांवों की नल जल योजनाओं और समूह नल जल योजनाओं के लंबित कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता, मात्रा और मानकों के अनुरूप तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला जल परीक्षण प्रयोगशाला में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान अब तक किए गए परीक्षणों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि कुल 2,337 जल नमूनों की जांच की गई है। इनमें 1,182 रासायनिक और 1,155 जीवाणु परीक्षण शामिल हैं।

जल जीवन मिशन 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन, पेयजल योजनाओं के बेहतर संचालन और रखरखाव तथा ग्राम स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने के लिए 21 जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स के नामांकन पर भी चर्चा हुई।

कलेक्टर ने निर्माणाधीन योजनाओं में तेजी लाने और कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा करने तथा शासन के गुणवत्ता मानकों और समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में समिति के सदस्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता पंकज जैन, उप अभियंता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779174 Articles

Share this story